उज्जैन

एशिया कप 2025 : भारत की जीत के लिए महाकाल मंदिर में विशेष पूजा, फैंस बोले–इंडिया जीतेगा

उज्जैन। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला हर मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता। एशिया कप 2025 में रविवार 14 सितंबर को खेले जाने वाले हाई-वोल्टेज मैच को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह है। लोग न केवल टीवी स्क्रीन पर जीत की दुआ कर रहे हैं, बल्कि मंदिरों में जाकर टीम इंडिया की सफलता के लिए विशेष पूजा-पाठ भी कर रहे हैं। इसी क्रम में उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में भक्तों और पुजारियों ने भगवान महाकाल के समक्ष भारतीय टीम की जीत की कामना की।

हाथों में तिरंगा और खिलाडियों की तस्वीर 

मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में तिरंगा और खिलाड़ियों की तस्वीरें लिए पहुंचे। विशेष अनुष्ठान के दौरान पुजारी परिवार ने गर्भगृह में एशिया कप और भारतीय क्रिकेट टीम के पोस्टर रखकर मंत्रोच्चार के साथ प्रार्थना की। पुजारी पं. अर्पित गुरु ने बताया कि जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होता है, पूरा देश रोमांचित होता है। इस बार भी महाकाल मंदिर में विशेष पूजा के जरिए भगवान शिव से भारत की जीत की कामना की गई है।

फैंस का दिखा उत्साह, बोले टीम इंडिया जरुर जीतेगी 

फैंस का उत्साह भी देखने लायक रहा। क्रिकेट प्रेमी शुभम रावल ने कहा कि चाहे युद्ध का मैदान हो या खेल का मैदान, भारत ने हमेशा पाकिस्तान को पीछे छोड़ा है। इस बार भी हमें भरोसा है कि सूर्या (सूर्यकुमार यादव) की अगुवाई में टीम इंडिया जीत दर्ज करेगी। वहीं, कई श्रद्धालुओं ने नारा लगाया कि जीतेगा भाई जीतेगा, इंडिया जीतेगा।

टीम की शुरुआत रही शानदार, यूएई के खिलाफ जीता मैच 

गौरतलब है कि भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार की है और पहला मैच यूएई के खिलाफ 9 विकेट से जीता था। पाकिस्तान ने भी ओमान पर बड़ी जीत दर्ज की है। ऐसे में यह मुकाबला प्वॉइंट्स टेबल की स्थिति तय करने में अहम साबित होगा।

महाकाल के आशीर्वाद से भारत रचेगा फिर इतिहास 

भारत-पाकिस्तान क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता हमेशा से ही करोड़ों दर्शकों की धड़कनों को तेज करती रही है। फैंस को भरोसा है कि महाकाल का आशीर्वाद टीम इंडिया के साथ है और एशिया कप 2025 में भारत एक बार फिर इतिहास रचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *