आपदा प्रभावित क्षेत्र मसंदावाला के लिए जारी हुए 43 लाख, ग्रामीणों ने जताया मंत्री गणेश जोशी का आभार
देहरादून: मसूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत विलासपुर काड़ली के मसंदावाला में मानसून सीजन के दौरान आपदा से क्षतिग्रस्त हुए क्षेत्रों में सुरक्षा एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए रुपये 43.06 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के क्रम में राजस्व एवं वन विभाग की रिपोर्ट में आंगणन के बाद जिलाधिकारी ने गैर राज्य आपदा मोचन निधि से विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति जारी की है। बजट स्वीकृत होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि विगत मानसून सीजन में आपदा के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए थे।


