मुख्यमंत्री ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने 36 चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त अधिकारियों की इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ ही उनके माता-पिता एवं गुरुजनों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र के साथ ही आप सभी को जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिली है। आपके कार्यों से आमजन को समय पर राहत मिले, यही आपकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। आपदा से हुई क्षति का सही एवं समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों तक नियमानुसार राहत शीघ्र पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। सभी अधिकारी अपने सेवाकाल में किसी भी प्रकार के दबाव, सिफारिश अथवा प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने कहा कि बिना किसी सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज कार्य का भी पूरी तत्परता से निस्तारण करना निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और युवाओं की मेहनत एवं भविष्य की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले 5 साल में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से अपने पद की गरिमा बनाए रखने, जनता के प्रति संवेदनशील रहने तथा प्रत्येक निर्णय ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ लेने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की पहचान इस बात से बनेगी कि आमजन कितने विश्वास के साथ अपनी समस्याएं लेकर उनके पास आते हैं और उन्हें कितनी सहजता से समाधान मिलता है।
इस अवसर पर सचिव राजस्व एस. एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

