DDA की पहल हरित और स्वच्छ दिल्ली के लिए पहली स्टेकहोल्डर वर्कशॉप आयोजित
दिल्ली : दिल्ली को हरित और स्वच्छ बनाने के संकल्प के साथ दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने ‘यमुना डायलॉग्स’ (Yamuna Dialogues) के तहत अपनी पहली स्टेकहोल्डर परामर्श कार्यशाला (हितधारक परामर्श कार्यशाला) का आयोजन किया। यह अपनी तरह की पहली बहु-हितधारक पहल है, जिसे दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) सरदार तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों पर शुरू किया गया है।
यह पहल उपराज्यपाल द्वारा हाल ही में यमुना के बाढ़ क्षेत्रों (फ्लडप्लेन) के दौरों और उसके बाद डीडीए के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठकों के बाद सामने आई है। इन बैठकों में एलजी संधू ने नदी के प्रदूषण से निपटने और इसके कायाकल्प के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए थे।
उपराज्यपाल ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि यमुना के पुनरुद्धार में दिल्ली के आम निवासियों, विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों को सक्रिय रूप से भागीदार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यमुना और उसके फ्लडप्लेन की बहाली केवल एक सरकारी कवायद बनकर न रह जाए, बल्कि यह एक साझा ‘नागरिक मिशन’ के रूप में विकसित हो।
