98 सड़कें बंद, 20 पेयजल योजनाएं प्रभावित; 1,168 करोड़ से अधिक का नुकसान
शिमला : हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश का असर बुधवार को भी कई जिलों में देखने को मिला। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की 26 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में कुल 98 सड़कें बंद हैं। इसके साथ ही पांच बिजली ट्रांसफॉर्मर और 20 पेयजल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं।
राजस्व विभाग के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की 25 अगस्त तक की संचयी रिपोर्ट के अनुसार 30 जून से 25 अगस्त 2026 के बीच मानसून से हिमाचल में कुल 1,16,897.20 लाख रुपये, यानी करीब 1,168.97 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया गया है।जिलावार आंकड़ों में कांगड़ा में करीब 358.64 लाख, चंबा में 267.60 लाख, शिमला में 234.65 लाख, किन्नौर में 192.70 लाख, मंडी में 189.82 लाख और सिरमौर में 189.45 लाख रुपये का नुकसान दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में विभिन्न सरकारी विभागों, निजी संपत्तियों और अन्य क्षेत्रों को हुए नुकसान का विवरण शामिल है।
मानसून सीजन के दौरान आपदाओं से अब तक 98 लोगों की मौत दर्ज की गई है। इनमें भूस्खलन, बाढ़, डूबने, बिजली गिरने, सांप के काटने, पेड़/चट्टान से गिरने और अन्य कारण शामिल हैं। सबसे अधिक मौतें कांगड़ा में 16, लाहौल-स्पीति में 14, सिरमौर में 14, चंबा में 13 और शिमला में 12 दर्ज हुई हैं। इसके अलावा रिपोर्ट में मानसून अवधि में सड़क हादसों में 139 मौतें दर्ज की गई हैं।
