उत्तराखंड

कुमाऊं पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रभारी राम माधव, चुनावी तैयारियों का लिया फीडबैक

हल्द्वानी: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने कुमाऊं मंडल में संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच भाजपा के प्रदेश प्रभारी राम माधव गोपनीय दौरे पर कुमाऊं पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी के आठों सांगठनिक जिलों के जिला अध्यक्षों से अलग-अलग बैठक कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया।राम माधव ने नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, काशीपुर, रानीखेत, अल्मोड़ा, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के जिला अध्यक्षों से मुलाकात की। बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, सरकार के कामकाज और संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चा की गई।सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश प्रभारी ने जिला अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति, संगठन की सक्रियता और चुनावी संभावनाओं को लेकर जानकारी ली। इसके साथ ही सरकार के कामकाज को लेकर जनता के बीच बन रही धारणा और संभावित प्रत्याशियों की स्थिति पर भी फीडबैक लिया गया।बताया जा रहा है कि राम माधव ने प्रत्येक जिला अध्यक्ष के साथ अलग-अलग बैठक कर चुनावी समीकरणों को समझने का प्रयास किया। इस दौरान कुमाऊं में रहने वाले कुछ प्रदेश पदाधिकारियों ने भी प्रदेश प्रभारी से मुलाकात की।भाजपा प्रदेश प्रभारी का यह गोपनीय दौरा आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *