सीएम योगी ने तिरंगा यात्रा का किया शुभारंभ, बोले- ऊर्जा का प्रतीक हमारा युवा
लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरकारी आवास से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और दोनों डिप्टी सीएम समेत तमाम मंत्री और संगठन के पदाधिकारी हाथों में तिरंगा लेकर निकले। इसमें तमाम जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संगठन, समाजसेवी संस्थाओं के साथ ही बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक भी शामिल हैं। यात्रा शुरू होने से पहले सीएम योगी ने पंकज चौधरी व यात्रा में शामिल लोगों के साथ सेल्फी ली।
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि यह मौका बहुत खास है, क्योंकि कुछ ही दिनों में, 15 अगस्त को हम अपने देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने आपको अपने घरों पर तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है। ताकि, झंडे के प्रति सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ के मंत्र को बढ़ावा मिले। झंडा संहिता में बदलाव किए गए ताकि आप इसे अपने घरों पर लगा सकें।
यात्रा में शामिल सभी लोग हाथों में तिरंगा लेकर मां भारती का जयघोष तथा अमर बलिदानियों को नमन करते हुए तिरंगा यात्रा पर आगे बढ़ें। सीएम आवास से शुरू होने वाली यह यात्रा हजरतगंज स्थित लोकभवन तक जाएगी। 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी मंडलों में 10, 11 एवं 12 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकलेगी।
