CM रेखा गुप्ता ने 9वीं की 200 छात्राओं को दीं साइकिलें, 1.40 लाख छात्राओं को मिलेगा लाभ
दिल्ली:दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी योजना’ के माध्यम से दिल्ली सरकार बेटियों की शिक्षा को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कक्षा 9 में पढ़ने वाली लगभग 1.40 लाख छात्राओं को योजना के तहत साइकिलें वितरित की जा रही हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत सोमवार को विधानसभा परिसर में कक्षा 9 में अध्ययनरत छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। इस अवसर पर उत्तरी जिले के जोन 7 की 200 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। यह पहल छात्राओं के लिए विद्यालय तक आवागमन को आसान बनाने के साथ-साथ उनकी शिक्षा की निरंतरता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने कहा कि साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, समय की बचत होगी और वे अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।
