दिल्ली में ‘मिशन कायाकल्प’ से सुधारे जाएगे स्कूलों के हालात
दिल्ली : दिल्ली सरकार ने ‘मिशन कायाकल्प’ के तहत राजधानी के नौ सरकारी स्कूलों में करीब 3.06 करोड़ रुपये की लागत से आधारभूत ढांचे के उन्नयन और आवश्यक सुविधाओं के विकास का कार्य पूरा किया है। सरकार के अनुसार इस पहल का उद्देश्य जर्जर भवनों की मरम्मत, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना तथा स्कूल परिसरों को सुरक्षित और आधुनिक बनाना है।
सरकार ने बताया कि उत्तर, दक्षिण, पश्चिम, उत्तर-पूर्व और आउटर नॉर्थ सहित छह जिलों के सरकारी स्कूलों को मिशन कायाकल्प के लिए चुना गया है। इन स्कूलों में भवनों की मरम्मत, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं का विकास, सेंसरी पार्क, आरओ प्लांट, वॉटर कूलर, शौचालयों का नवीनीकरण, वॉटरप्रूफिंग और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक विभिन्न जिलों में चल रहे विकास कार्यों की कुल लागत करीब 3.06 करोड़ रुपये है। इनमें दक्षिण जिले के दो स्कूलों में लगभग 1.47 करोड़ रुपये और पश्चिम जिले के स्कूलों में करीब 1.16 करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित की गई हैं। इसके अलावा उत्तर, उत्तर-पूर्व और आउटर नॉर्थ जिले के स्कूलों में भी लाखों रुपये की लागत से सुधार कार्य किए गए हैं।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मिशन कायाकल्प को जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत सहयोग देने वाली संस्थाओं, मार्केट एसोसिएशनों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय समुदाय की साझेदारी से लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई परियोजनाओं में स्कूल प्रबंधन समितियों और स्थानीय प्रशासन ने भी सक्रिय भूमिका निभाई है।
चयनित स्कूलों में शंकराचार्य मार्ग स्थित विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के स्कूल में 16.20 लाख रुपये की लागत से सेंसरी पार्क का नवीनीकरण, आरओ प्लांट और नए वॉटर कूलर लगाए गए। रूप नगर सरकारी स्कूल में भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला का आधुनिकीकरण किया गया। महरौली स्थित रामानुजन सर्वोदय कन्या विद्यालय में 48.73 लाख रुपये से शौचालयों का कायाकल्प, सैनिटरी फिटिंग बदलने, सीपेज मरम्मत, मौसमरोधी पेंट, वॉटर कूलर और पौधरोपण का कार्य कराया गया।
वहीं, कुतुब महरौली के सर्वोदय को-एड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 98.58 लाख रुपये से भवन मरम्मत, शौचालय नवीनीकरण और परिसर सौंदर्यीकरण किया गया। मोहन गार्डन सरकारी स्कूल में 77.71 लाख रुपये से छत की वॉटरप्रूफिंग, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, पेयजल क्षेत्र, सीवर लाइन और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाया गया। जनकपुरी स्थित जीएसकेवी में 38.77 लाख रुपये से एमपी हॉल की वॉटरप्रूफिंग, आरओ प्लांट, वॉटर कूलर और बिजली व्यवस्था मजबूत की गई। गोकलपुर, शाहदरा और सावदा घेवरा के सरकारी स्कूलों में भी शौचालय सुधार, भवन मरम्मत, लाइब्रेरी सुविधाओं के विस्तार, स्पेस लैब की स्थापना, रंगाई-पुताई और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया।
