उधम सिंह नगर

लोकतंत्र की मजबूती का आधार निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची – सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी

रुद्रपुर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नगर आयुक्त, समस्त ईआरओ, एईआरओ एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची होती है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र नामों का समयबद्ध सत्यापन हो, इसी उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि 8 जून से जनपद में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मतदाताओं की पहचान, पते का सत्यापन, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं का परीक्षण एवं पात्र नए मतदाताओं को सूची में सम्मिलित करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक कार्य प्रगति पर है, किन्तु निर्धारित लक्ष्य की तुलना में कार्य में और तेजी लाने की आवश्यकता है।

सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए 15 जून तक शत-प्रतिशत फार्म वितरण कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। उसके उपरांत बी एल के माध्यम से मतदाताओं से फार्म प्राप्त कर निर्धारित पोर्टल पर अपडेट भी कराया जाय।उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र एवं बूथ स्तर पर स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और पुनरीक्षण प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी रूप से सम्पन्न हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा दैनिक प्रगति की समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां अतिरिक्त फील्ड टीम लगाकर अभियान में तेजी लाई जाए साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त करने के लिए व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर भी बल दिया।

बैठक में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन संबंधी शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु कंट्रोल रूम स्थापित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम के माध्यम से आमजन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाया जाए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि निर्धारित समय सीमा से पूर्व ही समस्त कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनपद में संचालित एसआईआर कार्यों, बूथवार प्रगति, फील्ड सत्यापन एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी भी दी।

बैठक में उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, अमृता शर्मा, राहुल शाह, हिमांशु कफल्टिया, गौरव पाण्डे, नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, शिप्रा जोशी, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी सहित समस्त ईआरओ, एईआरओ, डीएलएमटी एवं एएलएमटी अधिकारी उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *